
लोकेशन: कुनकुरी जशपुर / रिपोर्टर: दीपक वर्मा,
दुर्ग–कुनकुरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 24 चोरी की बाइक बरामद
मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क बेनकाब
एंकर
जशपुर जिले के कुनकुरी से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां चोरी की मोटरसाइकिलों के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दुर्ग पुलिस और कुनकुरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 24 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस बड़ी कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है।



कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि दुर्ग पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुनकुरी इलाके में एक व्यक्ति बेहद सस्ते दामों पर चोरी की बाइक बेच रहा है। सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस की टीम कुनकुरी पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की गई।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में, एएसपी राकेश कुमार पाटनवार और एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घर-घर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से होंडा साइन, स्प्लेंडर, स्कूटी समेत कुल 24 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
इस मामले में मुख्य मास्टरमाइंड आरोपी बप्पा राव को दुर्ग पुलिस अपने साथ लेकर आई थी। वहीं कुनकुरी से दो अन्य खरीददार आरोपियों—
सेवक राम प्रजापति उर्फ रवि राम
मनोज राम, निवासी पंडरीपानी
को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी चोरी की बाइकों के लिए ग्राहक तलाशते थे और आधार कार्ड के जरिए कागजात बनवाने के नाम पर अतिरिक्त पैसे भी वसूलते थे।
बरामद सभी वाहनों के साथ दोनों खरीददार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए भिलाई रवाना किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला एक संगठित अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का प्रतीत हो रहा है, जिसके तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब नेटवर्क, खरीदारों और वाहनों के असली मालिकों की पहचान में जुटी है।

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सस्ते दामों में मिलने वाले संदिग्ध वाहनों से बचें और किसी भी तरह की शंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। मामले में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना है।




