
लोकेशन – डभरा, सक्ती जिला
दिनांक – 30/12/2025
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
सक्ति जिले के डभरा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-1 में शराबियों से क्षुब्ध वार्डवासियों का विरोध आज खुले रूप में देखने को मिला। लगातार बढ़ते अवैध शराब सेवन और उत्पात से परेशान लोगों ने पार्षद रहौल्या खगेश्वर बरेठ के नेतृत्व में एसडीएम डभरा, थाना प्रभारी और नगर पंचायत सीएमओ आनंद राय को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
वार्डवासियों का कहना है कि शराब दुकान खुलते ही शराबी मैदान, कलौंजिया तालाब, अग्रसेन भवन रोड और आसपास की कॉलोनियों में खुलेआम नशा करते हैं। नशे की हालत में गाली-गलौज, शोर-शराबे की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली छात्र-छात्राओं का इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है।


क्षेत्र में टूटी बोतलें, डिस्पोजेबल गिलास और गंदगी से माहौल असुरक्षित हो गया है। हाल ही में मैदान में चखना ठेला लगने के बाद शराबियों की संख्या और बढ़ी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। वार्डवासियों ने बताया कि कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आज बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक थाना और नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और शराब भट्ठी को अन्यत्र स्थानांतरण सहित कड़े कदम उठाने की मांग की।




