भारत माला फोरलेन टोल प्लाजा से बैटरी चोरी, 4 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन-जांजगीर-चांपा (बलौदा)/रिपोर्टर -शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले से एक बड़ी पुलिस कार्रवाई सामने आई है,
जहाँ बलौदा थाना पुलिस ने भारत माला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के आरएचएसएस टोल प्लाजा से बैटरी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, 25 फरवरी को बलौदा निवासी आशीफ कुरैशी ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि किलोमीटर 29 प्लस 100 स्थित टोल प्लाजा के टीएलसी रूम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 12 वोल्ट की 6 बैटरियां चोरी कर ली हैं, जिनकी कीमत करीब 27 हजार रुपये है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया।
कड़ाई और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी 6 बैटरियां और 27 हजार रुपये नगद बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर पटेल उम्र 22 वर्ष, उमेश सिंह कंवर उर्फ लच्छू उम्र 40 वर्ष और सुनील कंवर उम्र 30 वर्ष शामिल हैं, जो सभी ग्राम चारपारा, थाना बलौदा के निवासी हैं।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




