विटामिन-C की कमी से बार-बार पड़ सकते हैं बीमार, रोज चाहिए 75 mg, जानें डेफिशिएंसी के संकेत और भरपूर स्रोत

स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित पोषण बेहद जरूरी है और इसमें विटामिन-C की भूमिका अहम मानी जाती है। विटामिन-C न सिर्फ इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है, बल्कि त्वचा को हेल्दी रखने, घाव भरने, आयरन के अवशोषण और शरीर को संक्रमण से बचाने में भी मदद करता है। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और असंतुलित खानपान के कारण बड़ी संख्या में लोग विटामिन-C की रोजाना जरूरत पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, एक स्वस्थ वयस्क को प्रतिदिन करीब 75 mg विटामिन-C की आवश्यकता होती है। रिसर्च बताती है कि भारत में करीब 30% लोग विटामिन-C की कमी से जूझ रहे हैं। कुछ अध्ययनों के मुताबिक उत्तर भारत में यह आंकड़ा 70% से अधिक तक पहुंच जाता है। लंबे समय तक कमी रहने पर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है और व्यक्ति जल्दी-जल्दी बीमार पड़ने लगता है।
विटामिन-C की कमी के संकेत
बार-बार सर्दी-खांसी होना, थकान महसूस होना, मसूड़ों से खून आना, घाव देर से भरना, त्वचा का रूखा होना और इम्यूनिटी का कमजोर होना विटामिन-C की कमी के प्रमुख लक्षण हैं।
इन फूड्स में है भरपूर विटामिन-C
संतरा, नींबू, मौसंबी के अलावा आंवला, अमरूद, कीवी, पपीता, स्ट्रॉबेरी में विटामिन-C भरपूर होता है। हरी सब्जियों में शिमला मिर्च, ब्रोकली, पत्ता गोभी, टमाटर और हरी मिर्च विटामिन-C के अच्छे स्रोत हैं। खास बात यह है कि आंवला और अमरूद में संतरे से कई गुना ज्यादा विटामिन-C पाया जाता है।
डाइट में इन फलों और सब्जियों को शामिल कर विटामिन-C की कमी को आसानी से पूरा किया जा सकता है और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखा जा सकता है।




