नारायणपुर में नाकाबंदी के दौरान क्रेटा कार से 1 क्विंटल 85 किलो गांजा बरामद

रिपोर्टर:- दीपक वर्मा
लोकेशन:- जशपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक:- 21/01/2026
जशपुर से बड़ी खबर सामने आई है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नारायणपुर क्षेत्र से 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, 20 जनवरी की तड़के पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद क्रेटा कार में गांजा छुपाकर कुनकुरी होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रानीकोंबो मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर कार के अंदर छुपाकर रखे गए 180 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिसकी बाजार कीमत करीब 55 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ क्रेटा कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। पुलिस ने इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी चिन्हित कर लिया है, जिसकी तलाश जारी है।



