रायपुर | नालंदा पार्ट-2 पर कांग्रेस के 10 सवाल, सरकार से जवाब की मांग

रायपुर में नालंदा परिसर पार्ट-2 के निर्माण को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवालों की झड़ी लगा दी है। कांग्रेस नेता श्रीकुमार मेनन ने कहा कि भूमि पूजन से पहले सरकार, पूर्व सरकार और क्षेत्रीय विधायक को रायपुर की जनता के सामने 10 अहम सवालों के जवाब देने चाहिए।
मेनन ने आरोप लगाया कि पिछले 3–4 वर्षों से स्मार्ट सिटी के तहत बने यूथ हब को नियमों के खिलाफ बताकर जनता को गुमराह किया गया। जबकि विधानसभा में नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के जवाब में स्पष्ट हो चुका है कि यूथ हब नियमों के अनुसार बना था। इसके बावजूद उसे अवैध बताकर तोड़ना जनता के साथ धोखा है।
रोजगार और मुआवजे पर सवाल
कांग्रेस के मुताबिक 7–8 करोड़ रुपए की लागत से बने यूथ हब को तोड़ने से 300–400 लोगों का रोजगार छिन गया। सवाल उठाया गया कि क्या मंत्री अरुण साव या विधायक राजेश मूणत इन लोगों को दोबारा रोजगार दिलाएंगे? क्या किसी जनप्रतिनिधि ने प्रभावित दुकानदारों की मौजूदा स्थिति जानी?
खर्च की भरपाई कौन करेगा?
कांग्रेस ने पूछा कि यूथ हब पर खर्च हुई करोड़ों की राशि की भरपाई कौन करेगा—स्मार्ट सिटी अधिकारी, तत्कालीन सांसद सुनील सोनी, तत्कालीन विधायक बृजमोहन अग्रवाल, या कोई और? जनता के टैक्स के पैसे से बने निर्माण को तोड़ने की अनुमति देना गंभीर मामला बताया गया।
निर्माण स्थल पर आपत्ति
कांग्रेस ने नालंदा पार्ट-2 के स्थान पर भी सवाल उठाए। कहा गया कि जब नालंदा पार्ट-1 के पास पहले से तय और खाली जगह मौजूद थी, तो वहीं निर्माण क्यों नहीं कराया गया? जीई रोड किनारे निर्माण से ट्रैफिक और सुरक्षा जोखिम क्यों बढ़ाए जा रहे हैं?
खुली बहस की चुनौती
कांग्रेस नेताओं ने अरुण साव और राजेश मूणत को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी। मेनन ने कहा कि यदि नैतिक साहस है तो जनता और मीडिया के सामने जवाब दें—सच सामने आएगा और जनता तय करेगी कि झूठ किसने फैलाया।




