11 सूत्रीय मांगें अधूरी… अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की 3 दिनी कलमबंद हड़ताल शुरू

संगम दुबे, कोरबा
सी-मार्ट परिसर, कोरबा | कलेक्ट्रेट-तहसील कार्यालय
छत्तीसगढ़ के कोरबा में आज से अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की तीन दिवसीय कलमबंद हड़ताल की शुरुआत हो गई है। फेडरेशन अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सी-मार्ट परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि चुनाव से पहले बीजेपी नेताओं ने “मोदी की गारंटी” कहकर उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन सरकार बनने के दो साल बाद भी किसी तरह की पहल नहीं की गई है।



जिसके विरोध में अब फेडरेशन ने कलमबंद हड़ताल का रास्ता चुना है। हड़ताल के पहले ही दिन जिले के कलेक्ट्रेट, तहसीलों समेत कई शासकीय दफ्तरों में ताले और खाली कुर्सियां नजर आईं। कामकाज पूरी तरह ठप होने से लोग मायूस लौटते दिखे।
फेडरेशन का आरोप है कि सरकार वादे भूल चुकी है, और कर्मचारियों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे और उग्र रूप दिया जाएगा।
फिलहाल, हड़ताल का व्यापक असर दिख रहा है और सरकारी व्यवस्थाएं चरमराने लगी हैं। सरकार की प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।




