सिवनी में जुआ खेलते 12 जुआरी गिरफ्तार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई तेज

जांजगीर–चांपा
जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस ने बुधवार देर शाम सिवनी क्षेत्र में संचालित एक जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 6000 रुपये नगद और ताश की पत्तियाँ बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) द्वारा त्योहारों के मद्देनजर थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में चांपा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता की टीम इलाके में गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिवनी के करवारपारा में कुछ लोग रूपए–पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ अधिकारियों—अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, SDOP चांपा यदुमणी सिदार—को अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही चांपा पुलिस टीम मौके की ओर रवाना हुई। पुलिस को देखते ही जुआरी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी 12 आरोपियों को दबोच लिया।
जुआ खेलते पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं—गुलाब राम ढीमर, छेदीलाल राठौर, पीतांबर देवांगन, घनश्याम साहू, लखन यादव, मनमोहन धीवर, सुखसागर दास, मेघा राम साहू, लखन सिंह, बलराम बरेठ, सरजू राम धोबी और गयाराम राठौर। सभी सिवनी क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दादुरैया ठाकुर, बेलसज्जर लकड़ा, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, शंकर राजपूत, वीरेश सिंह, संजय केवट, सचिन एक्का, कैलाश यादव, जय उरांव, भूपेंद्र गोस्वामी और रूप नारायण का विशेष योगदान रहा।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




