परशुरामपुर में धूमधाम से मनाई गई रानी लक्ष्मीबाई की 197वीं जयंती, बच्चों को बांटी गई कॉपियां

सूरजपुर
ग्राम पंचायत परशुरामपुर में रानी लक्ष्मीबाई की 197वीं जयंती बड़े सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। यह आयोजन प्राथमिक शाला पंडों पारा परशुरामपुर में किया गया, जिसमें सरपंच प्रतिनिधि लाल केश्वर सिंह सरुता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प माला अर्पित कर नमन के साथ की गई। सरपंच प्रतिनिधि ने उपस्थित बच्चों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, उनके संघर्षपूर्ण जीवनकाल और देश की स्वतंत्रता में दिए गए अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि द्वारा विद्यालय के सभी बच्चों को कॉपियां वितरित की गईं, जिससे उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो बच्चों को भविष्य में देश और समाज के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने योग्य बनाती है।
कार्यक्रम में बलीराम पटेल, रामबिलास सिंह, प्रधानपाठक शिवनारायण सिंह, शिक्षक नाहर सिंह, रामकिशुन सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अंत में सभी शिक्षकों ने सरपंच प्रतिनिधि लाल केश्वर सिंह सरुता का सम्मानपूर्वक आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं।




