2 मवेशी तस्कर गिरफ्तार, ₹60,000 मूल्य के 2 भैंसे व पिकअप वाहन किया गया जप्त

लोकेशन – सूरजपुर,छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 25.01.2026 को थाना चंदौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ मवेशी तस्कर पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 BT 9128 में दो भैंसों को क्रूरतापूर्वक लोड कर झारखंड ले जा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी अनूप एक्का के मार्गदर्शन में थाना चंदौरा पुलिस द्वारा चंदौरा क्षेत्र में घेराबंदी कर उक्त पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम रमजान पिता पीर मोहम्मद (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम पहिया, थाना चंदौरा बताया। वाहन में उसके साथ बैठा दूसरा व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जिसका नाम जुबेर खान बताया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 2 रास भैंसे, अनुमानित कीमत ₹60,000, पाए गए। मवेशियों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस द्वारा मवेशियों एवं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त कर अपराध क्रमांक 11/2026 पंजीबद्ध किया गया।
मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा धारा 111 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर आरोपी रमजान को गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपी जुबेर खान पिता जाकिर खान (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम पहिया, थाना चंदौरा की पतासाजी कर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी रमजान के विरुद्ध पूर्व में भी थाना प्रतापपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।




