सक्ती

पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त जारी: सक्ती जिले के 88 हजार से अधिक किसानों को 17.61 करोड़ रुपये का लाभ

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त आज देशभर में जारी कर दी गई। धमतरी में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बटन दबाकर राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर पूरे प्रदेश के 24,70,640 किसानों के खातों में कुल 494.12 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।

इसी क्रम में सक्ती जिले के 88,038 किसानों के बैंक खातों में 17.61 करोड़ रुपये की राशि अंतरण की गई। जिला स्तर पर यह कार्यक्रम उप संचालक कृषि कार्यालय, सक्ती में आयोजित हुआ। वहीं विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम सक्ति, डभरा, मालखरौदा और जैजैपुर में रखा गया। ग्राम पंचायत भवनों, सेवा सहकारी समितियों और धान खरीदी केंद्रों में भी किसानों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।

राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि छत्तीसगढ़ में इस वर्ष 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है। पिछले वर्ष खरीफ सीजन में 149 लाख मीट्रिक टन धान की रिकार्ड खरीदी हुई थी। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त अंतर की राशि भी कृषि उन्नति योजना के माध्यम से 25 लाख 49 हजार किसानों को 29,036 करोड़ रुपये दी जा चुकी है।

सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल के 22 महीनों में किसानों के खातों में कुल सवा लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरण के रूप में दी जा चुकी है।

सक्ती जिले के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही, जहां अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की कृषि नीतियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button