राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे — जांजगीर में तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव की तैयारी पूरी

25 साल छत्तीसगढ़ के नाम — जांजगीर में होगा तीन दिवसीय उत्सव, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
“छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय में भी 2 से 4 नवम्बर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा।” कार्यक्रम का आयोजन शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में किया जाएगा। इस आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा। राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रेसवार्ता लेकर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी।


कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जिले के 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

“जिले में बीते 25 वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की गई हैं, उन्हें आम जनता तक पहुंचाने के लिए विभागीय प्रदर्शनी लगाई जा रही है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी इस अवसर पर प्रदान किया जाएगा।”
राज्योत्सव के अवसर पर 1 से 5 नवम्बर तक जिले के शासकीय भवनों पर आकर्षक रोशनी की जाएगी, जिससे पूरा शहर राज्योत्सव के रंग में सराबोर रहेगा।“छत्तीसगढ़ की रजत जयंती का यह पर्व न केवल प्रदेश के विकास की गाथा बयां करेगा, बल्कि आने वाले वर्षों की दिशा भी तय करेगा।”




