बस्तर

दंतेवाड़ा में 37 माओवादी आत्मसमर्पण

बस्तर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा ज़िले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। जिले में 37 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। ये सभी बस्तर संभाग के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय थे और लंबे समय से नक्सल संगठन से जुड़े हुए थे।

दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में से 27 माओवादी ऐसे हैं जिन पर कुल 65 लाख रुपये का इनाम घोषित था। ये माओवादी कई नक्सली घटनाओं, सुरक्षाबलों पर हमले, आईईडी विस्फोट और विकास कार्यों में बाधा डालने जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन पर लगातार दबाव, विकास कार्यों की पहुंच, सरकारी पुनर्वास नीति और लोन वर्राटू जैसी योजनाओं के प्रभाव से माओवादी संगठन कमजोर हो रहा है और कई सदस्य मुख्यधारा में लौटने का विकल्प चुन रहे हैं।

आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने अपने साथ मौजूद देशी हथियार, सामग्री और नक्सली साहित्य भी पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने बताया कि सभी को सरकारी पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा और मुख्यधारा में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस आत्मसमर्पण को बस्तर में नक्सल संगठन की कमजोर होती पकड़ और सुरक्षा बलों की प्रभावी रणनीति का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button