लॉरेंस बिश्नोई–हैरी बॉक्सर गैंग के 5 शूटर गिरफ्तार, कई हत्याओं में थे शामिल

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई और हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े 5 शूटरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हुई कई सनसनीखेज हत्याओं के खुलासे में अहम मानी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी कॉन्ट्रैक्ट किलर हैं और गैंग के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट, रेकी और मर्डर के एक्जीक्यूशन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
गिरफ्तार शूटरों की पहचान अंकुश, पीयूष पिपलानी, कुंवर बीर, लवप्रीत और कपिल खत्री के रूप में हुई है। इनमें से कुछ आरोपी इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी हत्याकांड के एक्जीक्यूटर भी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा ये सभी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा और लायन बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक आशु महाजन की हत्या में भी शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार थे और कई राज्यों में वांछित घोषित किए जा चुके थे। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से बिश्नोई और हैरी बॉक्सर गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में इस गैंग से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।




