महिला सुरक्षा के लिए गांव में बनी 50 महिला कमांडो टीम

Reporter: शुभांशु मिश्रा
Location: नवागढ़, जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोरा महंत में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों और महिलाओं के साथ संवाद कर उन्हें समाज में सुरक्षा और जागरूकता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के तहत गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल करते हुए 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।



महिला कमांडो टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है।
इस अवसर पर टीम की पहचान और कार्य में सहयोग के लिए महिलाओं को टोपी और सीटी भी वितरित की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, थाना प्रभारी कमलेश सेंडे, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।




