जांजगीर-चांपा

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – चांपा / पश्चिम बंगाल


चांपा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करीब 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी विश्वजीत देबनाथ को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 3 महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन, उम्र 38 वर्ष, निवासी अखराभांठा, जिला सक्ती ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान कलकत्ता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी, जिसने शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया।

इस प्रलोभन में आकर प्रार्थी सहित अन्य लोगों ने नकद, RTGS, NEFT और चेक के माध्यम से कुल 8.45 करोड़ रुपये निवेश किए। शुरुआत में कुछ लोगों को एक-दो महीने और कुछ को आठ महीने तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी ने कंपनी में घाटा होने और पैसा वापस करने का झूठा आश्वासन देकर टालमटोल शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी की रकम से क्रेटा कार खरीदी, सोना लिया, घर का रंग-रोगन कराया और कुछ सोना IDBI बैंक में रखा। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ईटला पोड़ा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया से गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 के तहत धारा 420 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button