कनाडा के स्कूल में गोलीबारी: शूटर समेत 9 की मौत, 25 घायल; PM मार्क कार्नी ने जर्मनी दौरा रद्द किया

ओटावा। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर स्थित टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को हुई गोलीबारी में शूटर समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में कितने छात्र शामिल हैं।
सरकारी वेबसाइट के अनुसार, इस हाईस्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के कुल 175 छात्र पढ़ते हैं। एहतियातन स्कूल को बंद कर दिया गया है।
संदिग्ध महिला ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, संदिग्ध एक महिला थी जिसने स्कूल ड्रेस पहन रखी थी। उसका शव स्कूल परिसर के अंदर मिला। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की।
पुलिस को दोपहर लगभग 1:20 बजे (स्थानीय समय) गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने स्कूल के अंदर छह लोगों को मृत पाया। एक अन्य घायल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इसके अलावा, पास के एक घर से दो और शव बरामद किए गए।

25 घायल, कई की हालत गंभीर
गोलीबारी में घायल 25 लोगों को नजदीकी मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। दो गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी केन फ्लॉयड के मुताबिक, स्कूल से लगभग 100 छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद इलाके में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने कहा है कि अब आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है और कोई अन्य संदिग्ध फरार नहीं है।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने रद्द किया जर्मनी दौरा
घटना के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपना निर्धारित जर्मनी दौरा रद्द कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और राहतकर्मियों की सराहना की।
ब्रिटिश कोलंबिया की पब्लिक सेफ्टी मंत्री नीना क्रिगर ने इस घटना को “दिल दहला देने वाला” बताया और कहा कि सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
स्कूल एक सप्ताह के लिए बंद
स्कूल प्रशासन ने घोषणा की है कि टम्बलर रिज के एलीमेंट्री और सेकेंडरी स्कूल पूरे सप्ताह बंद रहेंगे। ऑनलाइन जारी बयान में कहा गया है कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोलीबारी के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



