भक्ति और उमंग के साथ 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
रामानुजनगर में अखंड दीप एवं परम वंदनीय माताजी के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित 9 कुंडीय राष्ट्रशक्ति समृद्धि गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
प्रथम दिवस निकाली गई कलश यात्रा में लगभग 500 महिलाएं और बालिकाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। भजन-कीर्तन, जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा नगर गायत्री माता की भक्ति में सराबोर नजर आया।


यह तीन दिवसीय महायज्ञ हनुमान मंदिर प्रांगण, देवनगर, विकासखंड रामानुजनगर, जिला सूरजपुर में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में गायत्री परिवार एवं समस्त ग्रामवासी देवनगर का विशेष योगदान रहा।
महायज्ञ के माध्यम से शांति, सद्भाव, राष्ट्रशक्ति और सामाजिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क दीक्षा, नामकरण, अन्नप्राशन, यज्ञोपवीत एवं पुंसवन संस्कार भी संपन्न कराए जा रहे हैं।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। महायज्ञ के आगामी दिनों में वैदिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं यज्ञाहुतियों के साथ आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।




