निजी छात्रावास में 9वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ के आरोप

रिपोर्टर — दीपक वर्मा | जशपुर
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक स्कूल, गोवासी के निजी छात्रावास में 9वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी निवास करते हैं। छात्रा ने आज दोपहर स्टडी रूम में यह चरम कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और गंभीरता से जांच शुरू की।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है।


एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को स्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में कथित तौर पर स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न (Sexual Harassment) किए जाने का उल्लेख है। पुलिस ने प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले में अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ जांच में ले रही है और छात्रा द्वारा उठाए गए इस गंभीर कदम के पीछे की परिस्थितियों की हर कोण से जांच की जा रही है।




