अकलतरा के कोटगढ़ में भीषण सड़क हादसा, तीन ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग

रिपोर्टर:- मयंक
लोकेशन:- कोटगढ़ (अकलतरा थाना क्षेत्र )
जांजगीर–चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटगढ़ गांव में आज तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए, जिसके बाद वाहनों में अचानक आग भड़क उठी। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद ट्रेलरों में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें कई फीट ऊंची उठती दिखाई दीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद जोरदार धमाका भी हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस, दमकल विभाग की टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास से गुजर रही बिजली लाइन के तार भी टूट गए, जिससे गांव में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आग लगने और ट्रेलरों की टक्कर के पीछे की वजह, तेज रफ्तार या तकनीकी खामी, दोनों पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।




