अकलतरा में 11 जनवरी को होगा विशाल हिन्दू सम्मेलन, संत-महात्माओं के सान्निध्य में सनातन एकता का संदेश

सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से अकलतरा नगर में सर्व हिन्दू समाज के तत्वावधान में विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन 11 जनवरी 2026, रविवार को माँ महामाया मंदिर प्रांगण, अकलतरा में दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा।आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन हिन्दू जागरण की दिशा में नई ऊर्जा और चेतना प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को एक सूत्र में बांधना, सनातन परंपराओं की रक्षा करना और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। सम्मेलन में संत-महात्माओं के आशीर्वाद के साथ धर्म, संस्कृति और एकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य वक्ता महामण्डलेश्वर श्री सर्वेश्वर दास जी (डभरामठ), कोटमी सोनार अपने विचार रखेंगे। वहीं मुख्य अतिथि श्री लखन लाल भुवने (सामाजिक कार्यकर्ता) तथा विभाग सह सामाजिक समरसता प्रमुख श्री ओमप्रकाश साहू जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन, अतिथियों का उद्बोधन एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने अकलतरा नगर सहित आसपास के क्षेत्र के सभी सनातनी भाई-बहनों से सपरिवार उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।सर्व हिन्दू समाज, अकलतरा नगर द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व समाजजनों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।




