रेलवे ओवरब्रिज के नीचे तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, चालक फरार

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा/ लोकेशन: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बिरगहनी चौक के आगे रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई।


हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान देवरहा निवासी 32 वर्षीय रवि केवट के रूप में हुई है। वहीं हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।



फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्ती की मांग उठ रही है।




