छत्तीसगढ़सरगुजा

NH-43 पर तेज रफ्तार का कहर, पिकअप और कार की आमने-सामने भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे कार सवार

लोकेशन : बिश्रामपुर (सरगुजा)
संवाददाता : विनीत मिश्रा

NH-43 पर मौत से सामना, भीषण हादसे में चकनाचूर हुई कार, लेकिन सुरक्षित निकले सभी सवार
एंकर :
सरगुजा जिले के बिश्रामपुर में नेशनल हाईवे-43 पर शनिवार को रफ्तार का ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी को दहला दिया। नायरा पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की भयावहता को देखकर हर कोई यही सोच रहा था कि कार सवारों का बच पाना नामुमकिन है, लेकिन चमत्कारिक रूप से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। क्षतिग्रस्त वाहनों और बिखरे सामान के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कुछ देर के लिए हालात बेहद तनावपूर्ण बन गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बिश्रामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और पिकअप वाहन को सड़क से हटवाया। पुलिस की तत्परता के चलते कुछ ही घंटों में नेशनल हाईवे पर यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई।

फिलहाल इस भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह हादसा एक बड़ी चेतावनी जरूर बनकर सामने आया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button