जांजगीर-चांपा में करोड़ों की ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार, साइबर टीम की बड़ी कामयाबी

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जमीन खरीदी-बिक्री और शेयर मार्केट में रकम ढाई गुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।
साइबर सेल की सक्रियता से पुलिस ने आरोपी उत्तरा कुमार साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी बिलारी थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी राजेश कुमार साहू, निवासी बिलारी वार्ड क्रमांक 12 ने थाना शिवरीनारायण में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित के अनुसार वर्ष 2023 में आरोपियों ने जमीन के कारोबार और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 25 महीने में रकम ढाई गुना करने का लालच दिया।
इस झांसे में आकर पीड़ित ने 30 नवंबर 2023 से 25 अगस्त 2024 के बीच करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये जमा कर दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि उत्तरा कुमार साहू फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर साइबर टीम प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक और प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना शिवरीनारायण पुलिस और साइबर सेल की भूमिका सराहनीय रही है।
फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।




