20 लाख से अधिक की लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, चाम्पा पुलिस को बड़ी सफलता

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चाम्पा, छत्तीसगढ़
जांजगीर-चाम्पा जिले के चाम्पा थाना क्षेत्र में हुए 20 लाख रुपये से अधिक की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को चाम्पा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। अब गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुनील कुमार कुर्रे, पिता गोरेलाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी बिरगहनी थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 2 लाख 68 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
मामला 9 जनवरी 2026 का है। अरविंद इंडस्ट्रीज चाम्पा में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हरीश देवांगन सक्ती से कंपनी की नकदी कलेक्शन कर बाइक से चाम्पा लौट रहे थे। रास्ते में कोसमंदा मेन रोड तालाब के पास काली कार सवार बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जबरन कार में बैठाया, मारपीट की और देर रात मैनपाट के पास खाई में धक्का देकर फरार हो गए।
गंभीर हालत में हरीश देवांगन पूरी रात खाई में फंसे रहे और सुबह किसी तरह बाहर निकलकर घटना की सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप, एसडीओपी चाम्पा श्री यदुमणि सिदार और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
अब फरार आरोपी सुनील कुमार कुर्रे की गिरफ्तारी के साथ इस पूरे लूटकांड की कड़ी लगभग पूरी हो चुकी है। आरोपी के खिलाफ धारा 111(1) बीएनएस और 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई उमेंद्र मिश्रा सहित थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।




