लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, मुलमुला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर- शुभांशु मिश्रा/लोकेशन-मुलमुला, जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में मुलमुला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इलाके में राहत की सांस ली जा रही है।


मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा मेन रोड का है, जहां 9 जनवरी 2026 की रात करीब साढ़े 8 बजे खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की, और 3500 रुपए नकद सहित दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की रिपोर्ट के बाद मुलमुला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
अब फरार चल रहे दूसरे आरोपी संदीप बंदे को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट की रकम में से 500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।



