जमीन बंटवारे के विवाद में सगे भाई की हत्या, आरोपी भाई गिरफ्तार

लोकेशन:- जांजगीर-चांपा
रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद और जमीन बंटवारे को लेकर सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा वार्ड क्रमांक 20 में हुई इस वारदात में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी चंद्रहास टैगोर उम्र 26 वर्ष का अपने भाई चंद्रभूषण राठौर से जमीन बंटवारे को लेकर लगातार विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 13 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे मृतक शराब के नशे में घर पहुंचा और मां व भाइयों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
समझाइश के बावजूद विवाद थमने के बजाय बढ़ता गया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे लोहे के एंगल से अपने भाई के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्काल हत्या का अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को ग्राम पुटपुरा से भागते हुए गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का एंगल भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




