शिवरीनारायण में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी, CCTV में कैद आरोपी

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम खरौद में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में चोरी की सनसनीखेज वारदात हुई है।
घटना आज दोपहर करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब एक व्यक्ति लाल रंग का बैग लेकर दुकान में सोने की चेन देखने के बहाने पहुंचा था।
दुकानदार को बातों में उलझाने के बाद आरोपी मौका पाकर सोने की चेन से भरा पूरा डिब्बा लेकर भाग निकला।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के बाहर पहले से ही एक बाइक सवार साथी इंतज़ार कर रहा था, जिसके साथ आरोपी तेज़ी से मौके से फरार हो गया।


पुलिस की जांच तेज़, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों संदिग्धों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।दिनदहाड़े हुई इस चोरी से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और गश्त तेज़ करने की मांग की है।




