शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार—पश्चिम बंगाल से दबोचा गया शातिर

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर…
शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने 8 करोड़ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी विश्वजीत देबनाथ को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला थाना चांपा क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने शेयर मार्केट में पैसा लगाकर हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज और ज्यादा निवेश पर अतिरिक्त मुनाफे का लालच दिया। इस झांसे में आकर कई लोगों ने नकद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के जरिए करोड़ों रुपये निवेश कर दिए।
शुरुआत में कुछ समय तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी टालमटोल करने लगा और पूरा पैसा लौटाने का झूठा वादा करता रहा। जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी की रकम से क्रेटा कार खरीदी, सोना लिया, घर का रंग-रोगन कराया और कीमती सामान जुटाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
एक क्रेटा कार
12 बैंकों की चेकबुक
9 डेबिट कार्ड और 8 क्रेडिट कार्ड
पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस
3 महंगे मोबाइल फोन
और 30 हजार रुपये नकद
बरामद किए हैं।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव समेत पुलिस टीम और साइबर सेल की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।




