जांजगीर-चांपा

पुलिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

रिपोर्टर: – शुभांशु मिश्रा
स्थान:- जांजगीर-चांपा


जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज और बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस पर फायरिंग करने वाले फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई।
दरअसल, आरोपी रामनाथ सबरिया बीते दिनों दर्ज दो गंभीर मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बोड़सरा के एक खंडहरनुमा मकान में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और आरोपी को आत्मसमर्पण करने को कहा गया, तो उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से देशी कट्टे से फायरिंग कर दी।
गोली पुलिस निरीक्षक के सिर के ऊपर से गुजर गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले चेतावनी स्वरूप हवाई फायर किया, लेकिन आरोपी नहीं माना और दोबारा फायरिंग की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर को निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद डॉक्टरों द्वारा डिस्चार्ज किए जाने पर आज आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर औपचारिक गिरफ्तारी की गई और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं और मामले की आगे की जांच जारी है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली एवं शिवरीनारायण पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button