भाजपा पर नशे के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप, कांग्रेस 12 मार्च को करेगी भाजपा कार्यालय का घेराव

रिपोर्टर: संजना / लोकेशन: जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ में नशे के बढ़ते मामलों को लेकर सियासत गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर प्रदेश में नशे के कारोबार को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश की पहचान धान के कटोरे के रूप में रही है, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को “उड़ता छत्तीसगढ़” बनाया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने 12 मार्च को जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यालयों के घेराव की घोषणा की है।


जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी और वर्तमान में चावल संस्करण प्रकल्प के अध्यक्ष विनायक ताम्रकार के द्वारा लगभग 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे साफ होता है कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है।
गुप्ता ने कहा कि पिछले दो वर्षों में शराब, गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशे के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब धान खरीदी के दौरान प्रशासनिक अधिकारी किसानों के खेत, कोठार और घरों में जाकर भौतिक सत्यापन करते हैं, तो फिर लगभग 10 एकड़ में अफीम की खेती होने के बावजूद प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।
उन्होंने यह भी मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि संबंधित व्यक्ति ने कितना धान बेचा, कितनी सरकारी जमीन पर कब्जा किया और अफीम को किन-किन माध्यमों से बेचा जा रहा था।
कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने करीब 7 करोड़ रुपये की अफीम बरामद कर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, लेकिन मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार को भाजपा बचाने की कोशिश कर रही है। वहीं सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया है।
इन्हीं आरोपों के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 12 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। जांजगीर-चांपा में यह घेराव जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में शाम 3 बजे जांजगीर-चांपा रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय के सामने किया जाएगा, जिसमें जिले के विधायक, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता शामिल होंगे।





