किसानों के दबाव पर कार्रवाई — सेवा सहकारी समिति फरसवानी के प्रबंधक व खरीदी प्रभारी निलंबित, प्रस्तावित चक्का जाम वापस

लोकेशन — सक्ती जिला
दिनांक — 28/11/2025
रिपोर्टर — लाला उपाध्याय
सक्ती जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सेवा सहकारी समिति फरसवानी में प्रबंधक और खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों की गंभीर शिकायतों पर आखिरकार प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी है।
फरसवानी, खैरा, गोबरा और चुरतेला — इन चारों पंचायतों के किसानों ने बताया कि समिति प्रबंधक जोइधा बरेठ और उपकेंद्र गोबरा व चुरतेला के प्रभारी भूपेंद्र साहू के खिलाफ व्यापक अनियमितताओं की शिकायत 20 नवंबर 2025 को ही कलेक्टर सक्ती, सहकारिता विभाग और समिति प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन कई दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।



इसी के विरोध में किसानों ने 28 नवंबर, शुक्रवार को डभरा–खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोबराभाठा में सुबह 10 बजे से चक्का जाम और धरना प्रदर्शन करने का आवेदन दिया था।
मामला गंभीर होते देख डभरा SDM के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से चर्चा की। किसानों की मांगों को उचित मानते हुए सेवा सहकारी समिति फरसवानी के अध्यक्ष बाबूलाल चंद्रा ने दोनों अधिकारियों —
जोइधा बरेठ (प्रबंधक)
भूपेंद्र साहू (खरीदी प्रभारी)
को विधिवत निलंबित करने की कार्रवाई कर दी।
किसानों ने अपनी मांग पूरी हो जाने पर प्रस्तावित चक्का जाम आंदोलन को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया।




