जांजगीर-चांपा

अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, जांजगीर-चांपा में टास्क फोर्स की सख्त कार्रवाई

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
लोकेशन: जांजगीर-चांपा
दिनांक: 08 जनवरी 2026


जांजगीर-चांपा जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक लेकर संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने स्पष्ट कहा कि खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से जिलेभर में सतत जांच अभियान चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए।
सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कोटवार, ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी सहित सभी मैदानी अमले को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई हो सके। उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध गतिविधियों के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री पांडेय ने अवैध खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और रात्रिकालीन समय में अवैध खनिज परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील इलाकों का निरंतर निरीक्षण कर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में खनिज अधिकारी ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर 2025 तक जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 526 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनसे 1 करोड़ 50 लाख 32 हजार 310 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराई गई है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button