राशन वितरण में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, डोकरमना में मौके पर पहुंचकर शुरू कराया गया वितरण

कोरबा, छत्तीसगढ़
संगम दुबे
कोरबा जिले से बड़ी खबर… शासकीय राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। दिसंबर का महीना समाप्त होने को है, लेकिन जिले के कई दूरस्थ गांवों में अब तक पात्र हितग्राहियों को चावल नहीं मिल पाया था, जिससे ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ रही थी।

खासकर डोकरमना पंचायत से शिकायत मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायज़ा लिया और तुरंत ही रुका हुआ राशन वितरण शुरू कराया। अधिकारियों ने उचित मूल्य दुकान संचालकों को निर्देशित करते हुए वहीं पर हितग्राहियों को चावल वितरण सुनिश्चित कराया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि समय पर राशन नहीं मिलने से उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं प्रशासन का कहना है कि राशन वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
फिलहाल प्रभावित गांवों में व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी है, लेकिन ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए।




