सूरजपुर

कालाबाजारी पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई: रामानुजनगर में 13 लाख का 385 क्विंटल धान और 8 क्विंटल चावल जब्त

सूरजपुर/रामानुजनगर

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीज़न शुरू होते ही बिचौलियों और कोचियों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है, लेकिन जिला प्रशासन इस बार पूरी तरह सख्त दिख रहा है। इसी सतर्कता का बड़ा परिणाम रामानुजनगर में देखने को मिला, जहां तहसीलदार एम.एस. राठिया की अगुवाई में हुई छापामार कार्रवाई में 385 क्विंटल धान और 8 क्विंटल चावल जब्त किया गया। जब्त अनाज की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।

कैलाशपुर में किराना व्यापारी के यहां मिला बड़ा भंडार

कार्रवाई ग्राम कैलाशपुर के किराना व्यापारी कन्हैया साहू के घर, दुकान और गोदाम में की गई। जांच में अधिकारियों को अवैध रूप से रखा गया धान और पीडीएस चावल का भारी जखीरा मिला।
अधिकारियों के अनुसार—
960 बोरी धान
17 बोरी पीडीएस चावल
मौके पर जब्त किया गया है।

अवैध भंडारण का पैमाना इतना बड़ा था कि कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम भी दंग रह गई।

तहसीलदार एम.एस. राठिया की टीम ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई

कार्रवाई में शामिल अधिकारी—
तहसीलदार एम.एस. राठिया
नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े (देवनगर)
कृषि विस्तार अधिकारी विनीत पांडेय
इनके नेतृत्व में पूरी कार्रवाई तेजी से की गई और आगे विधिक कार्रवाई जारी है।

खरीदी कर्मचारियों की हड़ताल का फायदा उठाने की कोशिश

प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन खरीदी केंद्रों के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कई जगहों पर खरीदी धीमी रही।
ऐसे में बिचौलिये इस खालीपन का फायदा उठाकर अवैध तरीके से धान खरीदने, स्टोर करने और बाद में सरकारी केंद्रों में बेचने की कोशिश करने लगे हैं।

ध्यान रखें—सीजन में बढ़ जाती है बाहरी राज्यों से धान तस्करी

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य ऊंचा होने के कारण
उड़ीसा, यूपी, एमपी समेत कई राज्यों से धान तस्करी की कोशिशें बढ़ जाती हैं।
बिचौलिये सस्ते दाम पर धान खरीदकर इसे छत्तीसगढ़ के सरकारी केंद्रों में बेचकर भारी मुनाफा कमाने की फिराक में रहते हैं।

कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिले में सख्ती बढ़ी

जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिलों में प्रशासन ने पहले ही चेतावनी जारी कर रखी है कि—
अवैध परिवहन,अवैध भंडारण
और ठेकेदारों/बिचौलियों की गतिविधियों,पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

रामानुजनगर की यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है, ताकि धान खरीदी पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से हो सके।
जिलेभर में लगातार जारी रहेंगी छापेमार कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि—
“धान उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इसीलिए जिले में लगातार टीमों को सक्रिय रखा गया है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button