मड़वारानी में प्रशासन की सबसे बड़ी कार्यवाही—साहू जनरल स्टोर से 144 बोरी धान जब्त, अवैध कारोबारियों में हड़कंप

मड़वारानी
मड़वारानी में अवैध धान खरीदी पर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए साहू जनरल स्टोर से 144 बोरी धान जब्त कर लिया है। बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय को स्थानीय पत्रकार द्वारा शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने तुरंत छापा मारा। जांच के दौरान दुकान के अंदर धान की बड़ी-बड़ी बोरियों के ढेर पाए गए, जो स्पष्ट तौर पर लंबे समय से चल रहे अवैध कारोबार की पुष्टि करते हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद दुकानदार की ऊँची पहुँच और रौब की सारी बातें धरी की धरी रह गईं।



मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पाया कि दुकान में नियमित रूप से अवैध तरीके से धान की खरीदी-बिक्री का काम चल रहा था। तहसीलदार ने बिना किसी दबाव के कार्रवाई करते हुए 144 बोरी धान को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया और दुकानदार को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह की शिकायत मिलने पर सीधी FIR दर्ज की जाएगी और दुकान को सील कर दिया जाएगा। कार्रवाई के दौरान दुकानदार ने पत्रकारों को धमकाने व अपनी ऊँची पहुँच का हवाला देने की भी कोशिश की, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे उसकी एक न चली।
इस कार्रवाई ने न केवल क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है, बल्कि अन्य अवैध धान कारोबारियों में भी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह धंधा वर्षों से चल रहा था और आखिरकार प्रशासन ने निर्णायक कदम उठाकर सही संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अब किसी भी तरह का अवैध धान कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।




