तमनार जनसुनवाई के बाद बेकाबू भीड़ का तांडव, महिला आरक्षक के साथ बर्बरता का वीडियो वायरल

लोकेशन – तमनार, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़)
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जनसुनवाई के बाद भड़की हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने कानून-व्यवस्था की सारी सीमाएं तोड़ दीं। अब इस हिंसा का एक वीभत्स और झकझोर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला आरक्षक के साथ अमानवीय बर्ताव साफ़ देखा जा सकता है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि उपद्रवियों की भीड़ ने महिला आरक्षक को घेरकर बेरहमी से पीटा, इस दौरान उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई। हैरानी की बात यह है कि वर्दी फाड़ने के बाद भी उपद्रवी नहीं रुके और अर्धनग्न अवस्था में महिला आरक्षक को लगातार पीटते रहे। पिटाई के दौरान अश्लील और आपत्तिजनक गाली-गलौज भी की गई, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ जाती है।
इतना ही नहीं, इसी हिंसा के दौरान महिला थाना प्रभारी (टीआई) के साथ भी मारपीट का वीडियो पहले ही सामने आ चुका है। इससे साफ है कि उपद्रवियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों तक को नहीं बख्शा।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में किसी मुद्दे को लेकर आयोजित जनसुनवाई के बाद अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया, और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को आत्मरक्षा में कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
घटना के बाद से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ कठोर धाराओं में कार्रवाई की तैयारी चल रही है। वहीं, महिला आरक्षकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब वर्दी भी सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?




