ओडिशा से छत्तीसगढ़ ला रहे थे गांजा, अकलतरा पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

रिपोर्टर- शुभांशु मिश्रा/ लोकेशन- जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अकलतरा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक रेलवे स्टेशन के पास एक काले बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से चार पैकेट में करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बेलपहाड़ से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण सेन निवासी गरियाबंद और प्रतीक मिश्रा निवासी बिरगांव रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।




