अखिल भारतीय रामनामी भजन मेला, आस्था और समरसता का संगम

लोकेशन – सक्ती
दिनांक 02/01/2026
रिपोर्टर लाला उपाध्याय
सक्ती जिले के जमगहन में तीन दिवसीय अखिल भारतीय रामनामी बड़ा भजन मेला पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ अपने चरम पर है।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि भगवान राम केवल अयोध्या में ही नहीं, बल्कि हर भक्त के शरीर की रग-रग और कण-कण में बसे हैं।
यह बड़ा भजन मेला श्रद्धा, आस्था और भक्ति का विशाल केंद्र बन चुका है।रामनामी समाज के अनुयायी यहाँ एकत्र होकर राम-राम की अखंड धुन में लीन नजर आ रहे हैं। पूरे मेला परिसर में राम नाम की गूंज से वातावरण पूर्णतः राममय हो गया है।


मेले की सबसे बड़ी और विशिष्ट पहचान रामनामी जैतखंभ (जय स्तंभ) है। इसी जैतखंभ के चारों ओर बैठकर रामनामी समाज के लोग घुंघरुओं की मधुर ध्वनि के साथ राम-राम के भजनों का सामूहिक गायन करते हैं, जिससे पूरा मेला स्थल भक्तिरस में सराबोर हो जाता है।
वहीं अखिल भारतीय रामनामी समाज मेला समिति एवं स्थानीय विधायक राम कुमार यादव की पहल पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है। इस भंडारे में प्रतिदिन दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है, जो सामाजिक समरसता और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है।




