सक्ती

फर्जी पट्टा और दोहरी जनगणना सूची में नाम दर्ज कराने का आरोप — शासकीय कर्मचारी पर गंभीर अनियमितताओं का मामला, कार्रवाई अब तक लंबित

जय ठाकुर / संवाददाता
चन्द्रपुर, जिला सक्ती (छ.ग.)

    शासकीय सेवा में रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप एक सरकारी कर्मचारी जीधन लाल चौधरी, निवासी ग्राम कठली, तहसील पुसौर, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) पर लगाए गए हैं।
    आवेदक गौरीशंकर गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि श्री चौधरी ने फर्जी शासकीय भूमि पट्टा तैयार कराया, नगर पंचायत चन्द्रपुर से अवैध भवन अनुज्ञा पत्र प्राप्त किया, और जनगणना 2011 की सूची में अपने व परिवार के नाम दो स्थानों पर दर्ज करवाए — जो शासकीय नियमों का खुला उल्लंघन है।

    गौरीशंकर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 26 जून 2025 को जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसमें विस्तृत प्रमाण भी दिए गए थे।
    इसके बाद 05 अगस्त 2025 को उन्होंने स्मरण पत्र भी सौंपा, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर न तो जांच प्रारंभ की गई है और न ही कोई कार्रवाई हुई है।

    शिकायतकर्ता का कहना है कि इतने गंभीर मामलों में विभागीय चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने अब द्वितीय स्मरण पत्र देकर शासन और प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।

    स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह न केवल पद की मर्यादा का हनन है बल्कि शासन की साख पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है।
    लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में शीघ्र जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्यवाही की जाए ताकि भविष्य में कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी पद का दुरुपयोग करने का साहस न करे।

    Show More

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button