धान उपार्जन केंद्र में किसानों से अवैध वसूली का आरोप

लोकेशन: बलरामपुर
संवाददाता: दयाशंकर यादव
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ तहसील से किसानों की परेशानी से जुड़ी एक गंभीर खबर सामने आ रही है। यहां डीपाडीह कलां स्थित शासकीय धान उपार्जन केंद्र में किसानों से खुलेआम अवैध वसूली किए जाने के आरोप लगे हैं। किसानों का कहना है कि केंद्र प्रभारी मैनेजर द्वारा शासन द्वारा तय मानकों से कहीं अधिक कटौती की जा रही है।
किसानों के मुताबिक, सोख्ती के नाम पर एक-दो नहीं बल्कि दो से पांच बोरियों तक अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। यही नहीं, अगर किसान अतिरिक्त धान देने से इंकार करते हैं तो उन्हें डराया-धमकाया जाता है और धान नहीं लेने की धमकी दी जाती है। मजबूरी में किसान पैसे देने को भी विवश हो रहे हैं।
किसानों ने पत्रकारों के सामने खुलकर आरोप लगाए और बताया कि यह सिलसिला लंबे समय से जारी है। जब इस पूरे मामले पर उपार्जन केंद्र के प्रभारी गणेश पैकरा से जवाब लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। प्रभारी का बाइट देने से बचना कई सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है।




