चंगाई सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन का आरोप, गांव सुतर्रा में तनाव — पास्टर बजरंग जायसवाल पर फिर दर्ज हुआ केस

लोकेशन:-कटघोरा, कोरबा
रिपोर्टर:-सरोज रात्रे
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुतर्रा में एक बार फिर कथित चंगाई सभा को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। गांव से कुछ दूरी पर खेत में आयोजित इस सभा की जानकारी मिलते ही सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि चंगाई सभा की आड़ में भोले-भाले ग्रामीणों को बीमारी ठीक करने और चमत्कार का झांसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। आरोप सीधे तौर पर पास्टर बजरंग जायसवाल पर लगाए गए हैं। मौके पर पहुंचते ही सभा का विरोध शुरू हो गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।


ग्रामीणों और आयोजकों के बीच जमकर नोक-झोंक और हंगामा हुआ। हालात बिगड़ते देख कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और कार्यक्रम को बंद कराया।
इसके बाद ग्राम सरपंच द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर कटघोरा पुलिस ने पास्टर बजरंग जायसवाल समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि पास्टर बजरंग जायसवाल इससे पहले भी अवैध चंगाई सभा और धर्म परिवर्तन के आरोप में तीन दिन जेल जा चुका है, बावजूद इसके उसके द्वारा इस तरह की गतिविधियों को दोबारा अंजाम दिए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्या इस तरह की कथित गतिविधियों पर रोक लग पाएगी या फिर भविष्य में ऐसे विवाद दोहराए जाते रहेंगे।




