अमेरिका-वेनेजुएला तनाव पर बड़ा मोड़, UNSC की आपात बैठक से पहले अमेरिका ने किया साफ

सत्ता संचालन से किया इनकार
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़े तनाव के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका ने अपने रुख में बदलाव करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वह वेनेजुएला के शासन या प्रशासन को नियंत्रित नहीं करेगा।
अमेरिकी कार्रवाई के बाद इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आपात बैठक बुलाई गई है, जो सोमवार को आयोजित होगी। इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बयान जारी कर कहा कि वेनेजुएला के आंतरिक शासन में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं होगी और वहां सत्ता संचालन का जिम्मा देश के लोगों और संस्थाओं पर ही रहेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया था कि अमेरिका तब तक वेनेजुएला में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाएगा, जब तक वहां विवेकपूर्ण और स्थिर सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं और कई देशों ने संप्रभुता के उल्लंघन का मुद्दा उठाया था।
अब अमेरिकी विदेश मंत्री के ताजा बयान को अमेरिका की कूटनीतिक रणनीति में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि UNSC की आपात बैठक और वैश्विक दबाव के चलते अमेरिका ने अपने रुख को नरम किया है। बैठक में वेनेजुएला संकट, अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
अमेरिका-वेनेजुएला तनाव से जुड़े इस घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है और आने वाले घंटों में संयुक्त राष्ट्र में होने वाली चर्चा इस विवाद की दिशा तय कर सकती है।




