अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% किया, ट्रम्प बोले- रूस से तेल नहीं खरीदेगा भारत; PM मोदी ने कहा- शुक्रिया

नई दिल्ली | 3 फरवरी
भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में एक बड़ा और ऐतिहासिक मोड़ आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर लगाए गए कुल 50% टैरिफ को घटाकर 18% करने का ऐलान किया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच हुई नई ट्रेड डील के तहत लिया गया है। ट्रम्प ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने पर सहमत हो गए हैं और भारत अब अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा। जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से तेल आयात भी करेगा।
सोमवार सुबह ट्रम्प और पीएम मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसके बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस डील की घोषणा की। ट्रम्प ने बताया कि पहले भारत पर अप्रैल में 25% रेसिप्रोकल टैरिफ और रूस से तेल खरीदने के कारण 25% पेनल्टी लगाई गई थी, जिससे कुल टैरिफ 50% हो गया था। अब रूस से तेल खरीद पर लगी पेनल्टी हटाकर कुल टैरिफ 18% कर दिया गया है।
PM मोदी बोले- भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से धन्यवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा,
“मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाने के इस फैसले के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प का दिल से धन्यवाद। जब दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र साथ आते हैं, तो इससे दोनों देशों के लोगों को लाभ होता है। मैं हमारी साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं।”
‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत 500 अरब डॉलर की खरीद
ट्रम्प के अनुसार, भारत ‘Buy American’ नीति के तहत अमेरिका से 500 अरब डॉलर (करीब 46 लाख करोड़ रुपए) से ज्यादा का सामान खरीदेगा, जिसमें ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल हैं।
भारत उन देशों में शामिल, जिन पर सबसे कम टैरिफ
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह डील लगभग तय है और भारत अब उन देशों में शामिल हो गया है, जिन पर अमेरिका का टैरिफ सबसे कम है। उन्होंने इसे ट्रम्प और मोदी की मजबूत दोस्ती का नतीजा बताया।
यह समझौता न सिर्फ दोनों देशों के व्यापार को नई रफ्तार देगा, बल्कि शेयर बाजार, निर्यात और भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगा।




