
रिपोर्टर: ब्यूरो रिपोर्ट / लोकेशन: बालोद
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के संभावित असर को देखते हुए बालोद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने और कालाबाजारी की आशंका के बीच प्रशासन ने जिले की गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।



कलेक्टर दिव्या मिश्रा के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा ने जिले की 11 गैस एजेंसियों की बैठक ली। बैठक में एजेंसियों को पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों का भंडारण रखने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।



प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को 45 दिन के भीतर और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को 25 दिन के भीतर गैस बुकिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गैस एजेंसियों को अपने यहां गैस स्टॉक, क्रय-विक्रय और एडवांस बुकिंग की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के लिए भी कहा गया है।
अतिआवश्यक सेवाओं को ध्यान में रखते हुए बालोद और डौंडी की गैस एजेंसियों में 10-10 सिलेंडर तथा अन्य एजेंसियों में 5-5 सिलेंडरों का रिजर्व स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा खाद्य विभाग के अधिकारियों को सप्ताह में एक दिन गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक और वितरण का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी नहीं होने दी जाएगी।




