अमित शाह ने काकोरी कांड के अमर शहीदों को किया नमन, बताया स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणास्रोत धरोहर

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा देने वाले महान क्रांतिकारियों पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और रोशन सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि इन वीर सेनानियों ने अपने अद्वितीय साहस और त्याग से ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी।
अमित शाह ने कहा कि काकोरी कांड केवल एक क्रांतिकारी घटना नहीं थी, बल्कि यह उस विचार का प्रतीक था कि देश के संसाधनों और मेहनतकश देशवासियों के श्रम से बनी वस्तुओं पर सबसे पहला अधिकार भारतवासियों का ही होना चाहिए। इस संकल्प को इन अमर शहीदों ने अपने बलिदान से साकार किया।
उन्होंने कहा कि पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और रोशन सिंह न सिर्फ अपने समय के क्रांतिकारी थे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा भी बने। उनके विचारों और संघर्षों ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा दी और युवाओं को आज़ादी के लिए समर्पित होने की प्रेरणा दी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्र इन महान बलिदानियों को कभी नहीं भूल सकता। उनका त्याग और बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा और देशवासियों को सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।



