ऋषभतीर्थ दमाऊधारा से एक प्रेरणादायक खबर, जहां युवतियों के सर्वांगीण विकास को लेकर आर्य वीरांगना दल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

स्थान ऋषभतीर्थ दमाऊधारा सक्ती
रिपोर्टर ऋषि वैष्णव
सक्ती जिले के ऋषभतीर्थ दमाऊधारा से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां युवतियों के सर्वांगीण विकास को लेकर आर्य वीरांगना दल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।


सक्ती जिला मुख्यालय से लगे ऋषभतीर्थ दमाऊधारा स्थित श्री जगन्नाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आर्य वीरांगना दल शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 21 दिसंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा। शिविर में 13 वर्ष से लेकर 30 वर्ष तक की युवतियां शामिल हो रही हैं।
इस प्रशिक्षण शिविर में युवतियों को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शारीरिक प्रशिक्षण के अंतर्गत सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, डंबल, लेजियम, जूडो, कुंग फू, कराटे, आसन, लाठी, भाला, चाकू, नन-चाकू, तलवार सहित योगासन का अभ्यास कराया जा रहा है।


वहीं नैतिक शिक्षा सत्र में वैदिक संस्कृति, चरित्र निर्माण, देशभक्ति, समाज कल्याण, सुखी एवं शांतिपूर्ण जीवन तथा सकारात्मक वातावरण निर्माण से जुड़ी शिक्षाएं दी जा रही हैं।
आयोजकों के अनुसार यह शिविर प्रत्येक वर्ष शीतकालीन सत्र में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष शिविर में लगभग 100 युवतियां भाग ले रही हैं, जो अनुशासन, आत्मरक्षा और संस्कारों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।




