छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी भर्ती होगी ऑनलाइन, 19 दिसंबर को नई डिजिटल प्रणाली का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक अहम पहल करने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े 19 दिसंबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ऑनलाइन भर्ती सॉफ्टवेयर और नई विभागीय वेबसाइट का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगी।
इस नई डिजिटल भर्ती प्रणाली के तहत आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक सरल, स्पष्ट और निष्पक्ष बन सकेगी। साथ ही उम्मीदवारों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने और अनावश्यक परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ऑनलाइन प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और समय व संसाधनों की बचत होगी। यह पहल आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़े मानव संसाधन प्रबंधन को सशक्त बनाएगी और महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायक होगी।
नई डिजिटल व्यवस्था से शासन की कार्यप्रणाली में लोगों का विश्वास बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक, उत्तरदायी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




