प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़क हाइवा से रोड़ जर्जर, ग्रामीणों में आक्रोश

एक ओर सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांवों को मजबूत सड़कों से जोड़ने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। लोरमी क्षेत्र के खाम्ही से धौराभाट में एक नई सड़क निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पहले से बनी सड़क पर भारी भरकम हाइवा वाहन दौड़ाए जा रहे हैं, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है।
लगातार हाइवा चलने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क किसानों, स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए जीवनरेखा थी, लेकिन अब हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रोजाना दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। नियमों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है, इसके बावजूद खुलेआम हाइवा चलाए जा रहे हैं।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि
हाइवा वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए
क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए
जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
नई सड़क बनाने के नाम पर पुरानी प्रधानमंत्री सड़क को पूरी तरह खराब कर दिया गया है। प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।”
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




