अनिल शर्मा को भाजपा आईटी सेल का जिला संयोजक नियुक्त—संगठन विस्तार में मिला अहम दायित्व

जांजगीर-चांपा
भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने संगठन विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आईटी सेल के जिला संयोजक पद की जिम्मेदारी वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता अनिल शर्मा को सौंपी है। जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े द्वारा हाल ही में जारी नई जिला कार्यसमिति सूची में यह महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है।
अनिल शर्मा लंबे समय से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं और उनकी छवि एक निष्ठावान एवं समर्पित कार्यकर्ता की रही है। वे पिछले दो दशकों से संगठन से जुड़कर विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते आए हैं। जनहित के मुद्दों पर संघर्ष से लेकर चुनावी अभियानों में निष्पक्ष और प्रभावी भूमिका निभाने तक—अनिल शर्मा का योगदान पार्टी में हमेशा सराहा गया है।
संगठन के प्रति उनकी निरंतर निष्ठा, तकनीकी दक्षता और सक्रिय भागीदारी को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें भाजपा आईटी सेल के जिला संयोजक जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान सौंपी है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे डिजिटल माध्यमों से संगठन को और सशक्त बनाएंगे।




